विशेष

हिमंता बोले- लोकसभा चुनाव के बाद राहुल को गिरफ्तार करेंगे:23 जनवरी को कार्यकर्ताओं ने बैरिकेडिंग तोड़ी थी, राहुल पर उकसाने का आरोप

 

23 जनवरी को गुवाहाटी में कांग्रेस कार्यकर्ता पुलिस से भिड़े और बैरिकेडिंग तोड़ दी।

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बुधवार को कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव के बाद हम राहुल गांधी को गिरफ्तार करेंगे। 23 जनवरी को भारत जोड़ो न्याय यात्रा को गुवाहाटी शहर में जाने से रोकने के लिए पुलिस ने बैरिकेडिंग की थी, जिसे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उखाड़ दिया था।

 

इसके बाद असम के CM ने DGP को राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज करने का आदेश दिया था। 24 जनवरी को राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल, कन्हैया कुमार और पार्टी के अन्य नेताओं के खिलाफ FIR दर्ज की गई।

मुख्यमंत्री ने मामला दर्ज होने के एक दिन बाद कहा- यात्रा का पूरा इरादा असम को परेशान करना और शांति को खतरे में डालना था। हम एक SIT बनाएंगे, जो मामले की जांच करेगी और लोकसभा चुनाव खत्म होने के बाद हम राहुल को गिरफ्तार करेंगे। हमने अभी कार्रवाई की तो वे इसे राजनीतिक कदम कहेंगे।

इन नेताओं के खिलाफ हिंसा, उकसावे, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस कर्मियों पर हमले की धाराएं लगाई गई हैं। असम पुलिस का आरोप है कि यात्रा के लिए जो रूट तय किए गए थे उससे हटकर उन्होंने दूसरा रूट लिया। राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं ने साजिश के तहत भीड़ को उकसाया और उन्हें गुवाहाटी शहर की ओर ले गए।

 

भारत जोड़ो न्याय यात्रा का 24 जनवरी को 11वां दिन रहा। राहुल ने इस दिन असम के बरपेटा से यात्रा शुरू की।

खड़गे की शाह को चिट्‌ठी- असम में राहुल को खतरा
असम में राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने गृहमंत्री अमित शाह को दो पेज की चिट्‌ठी लिखी है। चिट्‌ठी में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के 18 जनवरी को असम में एंट्री के बाद 22 जनवरी तक राहुल की सुरक्षा में चूक की 5 घटनाओं का जिक्र है।

खड़गे ने गृहमंत्री से कहा- असम के मुख्यमंत्री और वहां के DGP को आप निर्देश दें ताकि कोई अनहोनी की स्थिति न बने। खड़गे का कहना है कि यात्रा के विरोध में भाजपा समर्थक राहुल के काफिले के बिल्कुल नजदीक पहुंच रहे हैं। ऐसे में राहुल को भी मजबूरन अपनी सुरक्षा को दरकिनार कर बाहर आना पड़ता है।

 

घटना को लेकर राहुल ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रास्ते पर लगे बैरिकेड हटाए, लेकिन कोई कानून नहीं तोड़ा।

23 जनवरी को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस बैरिकेडिंग तोड़ी, राहुल समेत कई नेताओं पर FIR
असम पुलिस ने 23 जनवरी को गुवाहाटी में राहुल, केसी वेणुगोपाल, कन्हैया कुमार और अन्य के खिलाफ FIR दर्ज की थी। सभी पर हिंसा, उकसावे, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और पुलिस कर्मियों पर हमला करने का केस दर्ज किया गया।

24 जनवरी को असम पुलिस के DGP जीपी सिंह ने जानकारी दी कि इस केस को गहरी जांच के लिए असम CID को ट्रांसफर कर दिया गया है। असम CID के असिस्टेंट डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस एक स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) का गठन करेंगे।

खड़गे की चिट्‌ठी में 5 घटनाओं का जिक्र
1. असम में 18 जनवरी को पहले ही दिन पुलिस शिवसागर जिले के अमीगुरी में यात्रा को सुरक्षित रास्ता देने की बजाय भाजपा के पोस्टरों की सुरक्षा कर रही थी।
2. 19 जनवरी को लखीमपुर में भाजपा से जुड़े कुछ उपद्रवी यात्रा के बैनर-पोस्टर फाड़ते और उन्हें उखाड़ते हुए पकड़े गए थे।
3. सोनितपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सोशल मीडिया टीम के साथ धक्का-मुक्की की। जयराम रमेश की कार पर हमला हुआ। यहां के SP मुख्यमंत्री के भाई हैं।
4. इसी दिन सोनितपुर जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के काफिले को रोकने की कोशिश की। भाजपा कार्यकर्ताओं ने असम कांग्रेस प्रेसिडेंट भूपेन बोरा पर हमला किया।
5. 22 जनवरी को नगांव जिले में भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का काफिला रोका और उनके बेहद करीब आकर उनके लिए असुरक्षित माहौल बना दिया।

 

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने मंगलवार को गृहमंत्री के नाम लिखा पत्र आज सोशल मीडिया पर शेयर किया।

11वें दिन असम के बरपेटा से शुरू हुई यात्रा
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा बुधवार को 11वें दिन असम के बरपेटा से शुरू हुई। यहां राहुल ने कार की छत पर बैठकर भीड़ को संबोधित किया। राहुल ने एक बार फिर असम के मुख्यमंत्री को देश का सबसे भ्रष्ट CM बताया। राहुल के भाषण की 4 बातें....

1. BJP-RSS के लोग नफरत फैलाते हैं
BJP-RSS के लोग एक धर्म को दूसरे धर्म से लड़ाते हैं, एक भाषा को दूसरी भाषा से लड़ाते हैं। वे नफरत फैलाते हैं, हम मोहब्बत फैलाते हैं। हमने 'भारत जोड़ो यात्रा' में लाखों लोगों से बात की। सबने हमसे कहा- हिंदुस्तान नफरत का नहीं.. मोहब्बत का देश है। असम के मुख्यमंत्री के दिल में बहुत नफरत है। हमारी लड़ाई उनसे नहीं, उनके दिल में छिपी नफरत से है। नफरत के पीछे डर होता है और नफरत को सिर्फ मोहब्बत से खत्म किया जा सकता है।

2. BJP-RSS असम को नागपुर से चलाना चाहते हैं
BJP-RSS आपकी संस्कृति, भाषा और इतिहास को मिटाना चाहते हैं। आपके पूर्वजों की दी गई शिक्षा को खत्म करना चाहते हैं। BJP-RSS के लोग असम को नागपुर से चलाना चाहते हैं, जो हम कभी नहीं होने देंगे। असम को असम से चलाया जाएगा और आपकी संस्कृति का सम्मान किया जाएगा।

 

राहुल गांधी ने बरपेटा में कहा- असम के CM को लगता है कि वे मुझे डरा सकते हैं।

3. देश के प्रधानमंत्री आज तक मणिपुर नहीं गए
BJP-RSS की विचारधारा ने मणिपुर को जला दिया है, लेकिन देश के प्रधानमंत्री आज तक मणिपुर नहीं गए। इसलिए हमारी 'भारत जोड़ो न्याय यात्रा' मणिपुर से शुरू हुई और महाराष्ट्र तक जाएगी। यह देश मोहब्बत का देश है। यह देश मोहब्बत से आगे जाएगा। हिंसा और नफरत से किसी का फायदा नहीं होने वाला है।

4. हिमंता को लगता है वह राहुल को डरा सकता है
असम के मुख्यमंत्री दिनभर नफरत और डर फैलाते हैं। यह देश का सबसे भ्रष्ट मुख्यमंत्री है। टीवी-मीडिया वही दिखाता है, जो असम के मुख्यमंत्री चाहते हैं। असम को असम का मुख्यमंत्री नहीं चला रहा, उसका रिमोट कंट्रोल अमित शाह के पास है। पता नहीं कहां से हिमंता बिस्वा सरमा के दिमाग में आ गया कि वह राहुल गांधी को डरा सकता है। मुझ पर जितने केस लगाने हैं, लगा दो.. मैं डरने वाला नहीं हूं।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा सिलसिलेवार पढ़िए...

23 जनवरी- न्याय यात्रा का दसवां दिन, असम में बेरिकेड्स हटाने पर राहुल गांधी व अन्य पर FIR दर्ज

 

मंगलवार को असम के गुवाहाटी में कांग्रेस के नेताओं और पुलिस के बीच झड़प हुई थी।

10वें दिन की यात्रा की शुरुआत राहुल गांधी ने असम-मेघालय सीमा पर युवाओं से बातचीत करके की। उन्होंने स्टूडेंट्स से कहा कि मैं आपकी यूनिवर्सिटी आकर आपसे बात करना चाहता था और ये समझना चाहता था कि आप किन मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।

बाद में राहुल गांधी की न्याय यात्रा गुवाहाटी पहुंची, जिसे असम पुलिस ने रोक दिया। पुलिस ने गुवाहाटी सिटी जाने वाली सड़क पर बैरिकेडिंग कर दी। इसके बाद कांग्रेस समर्थक पुलिस से भिड़ गए। उन्होंने बैरिकेडिंग तोड़ दी। इस पर राहुल गांधी सहित अन्य नेताओं पर FIR दर्ज कर ली गई। पढ़ें पूरी खबर...

22 जनवरी- न्याय यात्रा का नौवां दिन- असम में शंकरदेव के जन्मस्थल पर एंट्री नहीं मिली, धरने पर बैठे राहुल

 

यात्रा को रोके जाने के बाद राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल असम के नेताओं के साथ धरने पर बैठ गए।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के नवें दिन सोमवार को राहुल गांधी असम के नगांव पहुंचे। वे यहां बोर्दोवा थान में संत श्री शंकरदेव के जन्मस्थल पर दर्शन करने आए थे, लेकिन उन्हें एंट्री नहीं दी गई। सुरक्षाबलों ने राहुल और अन्य कांग्रेसी नेताओं को रास्ते में हैबरगांव में रोक दिया।

यहां सुरक्षाबलों से बहस के बाद राहुल और अन्य कांग्रेसी नेता धरने पर बैठ गए। सभी को अयोध्या में प्राण प्रतिष्ठा के बाद 3 बजे मंदिर आने के लिए कहा गया था। इस मामले पर असम CM हेमंत बिस्वा सरमा से सवाल किया गया तो उन्होंने कहा- आज रावण के बारे में तो बात मत कीजिए। पढ़ें पूरी खबर...

21 जनवरी- न्याय यात्रा का दिन आठवां दिन, असम में राहुल गांधी के साथ धक्का-मुक्की

 

कांग्रेस की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के आठवें दिन असम में राहुल गांधी के साथ धक्का-मुक्की हुई। राहुल को बचाते हुए उनके सिक्योरिटी गार्ड उन्हें बस के अंदर वापस ले गए। घटना के दौरान राहुल का काफिला सोनितपुर में था। राहुल ने घटना को लेकर कहा- आज BJP के कुछ कार्यकर्ता झंडा लेकर हमारी बस के सामने आ गए। मैं बस से निकला, वो भाग गए। हमारे जितने पोस्टर फाड़ने हैं, फाड़ दो। हमें कोई फर्क नहीं पड़ता। पूरी खबर पढ़ें...

20 जनवरी- सातवां दिन, कांग्रेस का आरोप-असम में यात्रा पर हमला किया गया

खबरें और भी हैं...